अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर धनबाद रेल मंडल में महिलाओं ने संभाली कमान

0
IMG-20260308-WA0014

*स्टेशनों पर बुकिंग से लेकर सुरक्षा व ट्रेन संचालन तक महिला रेल कर्मियों ने निभाई जिम्मेदारी*

(जी.के.मदान/आदित्य सोनी)

धनबाद। धनबाद रेल मंडल। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाओं के सम्मान और उनकी कार्यकुशलता को प्रदर्शित करने के उद्देश्य से धनबाद रेल मंडल में विशेष पहल की गई। इस अवसर पर मंडल के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर महिला रेल कर्मियों ने पूरे दिन कार्यभार संभालते हुए अपनी जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।

महिला दिवस के मौके पर कई स्टेशनों पर बुकिंग कार्यालय, टिकट चेकिंग, यात्रियों की सहायता, सुरक्षा व्यवस्था तथा ट्रेनों के सुरक्षित संचालन तक की पूरी व्यवस्था महिला कर्मचारियों द्वारा संचालित की गई। महिला रेल कर्मियों ने अपने दायित्वों का कुशलतापूर्वक पालन करते हुए यह संदेश दिया कि रेलवे जैसे जिम्मेदारी भरे क्षेत्र में भी महिलाएं पूरी क्षमता और दक्षता के साथ कार्य कर रही हैं।

इस अवसर पर मंडल प्रशासन ने महिला कर्मचारियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि रेलवे संचालन में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और वे हर क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही हैं। महिला दिवस पर आयोजित इस पहल का उद्देश्य महिलाओं के प्रति सम्मान प्रकट करना और समाज में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाना है।

स्टेशनों पर यात्रियों ने भी महिला कर्मचारियों द्वारा की जा रही व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए उन्हें अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

धनबाद रेल मंडल द्वारा आयोजित यह पहल महिलाओं की क्षमता, आत्मविश्वास और कार्यकुशलता का प्रतीक बनी। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि महिलाएं हर क्षेत्र में पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!